दिल्ली की लवकुश रामलीला कमेटी ने अभिनेत्री पूनम पांडे को मंदोदरी का रोल देने का फैसला वापस ले लिया है। यह निर्णय साधु-संतों, बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद के विरोध के बाद लिया गया। कमेटी ने आधिकारिक तौर पर पत्र लिखकर पूनम पांडे को सूचित कर दिया कि अब वह इस किरदार में नजर नहीं आएंगी। कमेटी का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में विवाद की जगह नहीं होनी चाहिए, इसलिए यह कदम उठाना पड़ा।
कमेटी के अध्यक्ष ने दी सफाई
कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि हमारा इरादा केवल पूनम को दूसरा मौका देने का था। उनका कहना था कि अगर कोई कलाकार अपना जीवन बदलना चाहता है तो समाज को उसे अपनाना चाहिए। लेकिन जब साधु-संतों ने इस पर आपत्ति जताई और धार्मिक भावनाओं के आहत होने की बात कही, तो हमने विवाद से बचने के लिए यह फैसला लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामलीला धर्म और संस्कृति को जोड़ने का मंच है, बांटने का नहीं।
पूनम पांडे और विवादों का पुराना रिश्ता
पूनम पांडे का नाम कई बार विवादों में रहा है। उन्होंने OnlyFans पर एडल्ट कंटेंट शेयर करने से लेकर फर्जी डेथ स्टंट तक कई सुर्खियां बटोरीं। फरवरी 2024 में उनके इंस्टाग्राम पर सर्वाइकल कैंसर से मौत की खबर पोस्ट की गई थी, जिसे बाद में जागरूकता अभियान बताया गया। इस बार मंदोदरी का रोल उन्हें नया मौका दे सकता था, लेकिन विरोध के चलते उनका सपना अधूरा रह गया।
Read More-एटली की फिल्म AA22xA6 से अल्लू अर्जुन का फर्स्ट लुक लीक! क्या ये सच में ‘पुष्पा’ स्टार का अंदाज है?
