Border 2: सनी देओल की नई फिल्म ‘Border 2’ 23 जनवरी को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और सोशल मीडिया पर लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं। लंबे समय बाद सनी देओल एक बार फिर देशभक्ति वाले अंदाज में नजर आए हैं, जिसे देखकर उनके फैंस काफी खुश हैं।
इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम किरदार निभा रहे हैं। भारत में जहां फिल्म को लेकर उत्साह है, वहीं विदेशों से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ‘Border 2’ को 6 देशों में रिलीज नहीं किया गया है, जिससे फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
क्यों नहीं दिखाई जाएगी ‘बॉर्डर 2’?
Border 2 की कहानी भारत-पाकिस्तान के 1971 के युद्ध पर आधारित है। इसी वजह से इसे कुछ देशों में दिखाने से बचा जा रहा है। यह फिल्म बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। माना जा रहा है कि इन देशों में पाकिस्तान से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर बनी फिल्मों को रिलीज करने से अक्सर दूरी बनाई जाती है। हालांकि, यह भी साफ किया गया है कि इन देशों में फिल्म पर कोई सरकारी तौर पर आधिकारिक बैन नहीं लगाया गया है, लेकिन थिएटर मालिक और डिस्ट्रीब्यूटर्स ऐसे विषयों से बचना पसंद करते हैं। इसी कारण Border 2 को वहां स्क्रीन नहीं किया जा रहा।
View this post on Instagram
बैन के बावजूद हिट होने की उम्मीद
Border 2 के साथ जो हो रहा है, वैसा ही पहले फिल्म ‘धुरंधर’ के साथ भी हो चुका है। उस फिल्म को भी इन्हीं 6 खाड़ी देशों में रिलीज नहीं किया गया था। इसके बावजूद ‘धुरंधर’ ने भारत में शानदार कमाई की थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।
अब फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि Border 2 भी उसी रास्ते पर चल सकती है। सनी देओल की लोकप्रियता, देशभक्ति की कहानी और मजबूत स्टारकास्ट फिल्म को फायदा पहुंचा सकती है। भले ही खाड़ी देशों में रिलीज न हो, लेकिन भारत और दूसरे देशों में अच्छी कमाई करके फिल्म अपना नुकसान निकाल सकती है।
दर्शकों का साथ, मेकर्स को भरोसा
Border 2 फिल्म को लेकर विवाद की खबरों के बीच दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग फिल्म के सीन, डायलॉग और सनी देओल के अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं। फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह और निर्माता निधि दत्ता का कहना है कि इस फिल्म का मकसद किसी देश के खिलाफ नफरत फैलाना नहीं है, बल्कि भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और जज्बे को दिखाना है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या Border 2 बैन की खबरों के बावजूद ‘धुरंधर’ की तरह बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल करेगी, या फिर यह विवाद फिल्म की रफ्तार धीमी कर देगा।
