भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फरवरी–मार्च 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा। चयनकर्ताओं ने इस बार अनुभव और मौजूदा फॉर्म को प्राथमिकता दी है। सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि अक्षर पटेल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। घरेलू परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीम में स्पिन और ऑलराउंड विकल्पों पर खास फोकस किया गया है।
शुभमन गिल बाहर, ईशान किशन और रिंकू सिंह की दमदार वापसी
टीम चयन के साथ सबसे बड़ा झटका शुभमन गिल को लगा है, जिन्हें 15 सदस्यीय स्क्वॉड में जगह नहीं मिली। इसके अलावा जितेश शर्मा भी टीम से बाहर हैं। दूसरी ओर, शानदार घरेलू प्रदर्शन का इनाम ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले ईशान किशन को दोबारा मौका दिया गया है। वहीं रिंकू सिंह को फिनिशर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है, जो आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की काबिलियत रखते हैं।
🚨India’s squad for ICC Men’s T20 World Cup 2026 announced 🚨
Let’s cheer for the defending champions 💪#TeamIndia | #MenInBlue | #T20WorldCup pic.twitter.com/7CpjGh60vk
— BCCI (@BCCI) December 20, 2025
2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की पूरी 15 सदस्यीय टीम
बीसीसीआई ने संतुलित टीम का चयन करते हुए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर्स के बीच सही तालमेल बनाया है।
बल्लेबाज (4):
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह
विकेटकीपर (2):
संजू सैमसन, ईशान किशन
ऑलराउंडर (4):
हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल (उपकप्तान)
गेंदबाज (5):
जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती
टीम में तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है, जो भारतीय परिस्थितियों में बेहद कारगर साबित हो सकता है।
भारत का शेड्यूल और टूर्नामेंट का पूरा समीकरण
2026 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला यूएसए, नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान से होगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया, 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से भिड़ंत होगी।
अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है तो खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। चयन, शेड्यूल और हालिया फॉर्म को देखते हुए टीम इंडिया इस बार खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
