मेरठ में पुलिस सख्ती से गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अंजली अरोड़ा के बॉयफ्रेंड आकाश सनसनवाल पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आकाश ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी से मेरठ पहुंचे थे। काशी टोल प्लाजा पर पुलिस ने गाड़ी रोकी तो उस पर विधायक का वीवीआईपी पास लगा हुआ था। जब पुलिस ने पास की जांच की, तो वह फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
गाड़ी सीज, पुलिस ने शुरू की जांच
अंजली अरोड़ा का बॉयफ्रेंड का फर्जी पास मिलने के बाद परतापुर थाने की पुलिस ने आकाश की स्कॉर्पियो गाड़ी सीज कर दी। पुलिस का कहना है कि फर्जी वीवीआईपी पास लगाकर घूमना कानूनन अपराध है और इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। आकाश से पूछताछ की जा रही है कि यह फर्जी पास कहां से बनाया गया और क्या वह पहले भी इसका इस्तेमाल कर चुका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
फर्जी वीवीआईपी पास वालों पर पुलिस की सख्ती
मेरठ के एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर फर्जी वीवीआईपी पास और नीली बत्ती लगाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अब तक सात लोगों पर कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने तीन और लोगों को पकड़ा है, जो फर्जी पास लगाकर टोल टैक्स बचाने और रौब दिखाने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले भी पुलिस ने एक थार और एक इनोवा गाड़ी को ऐसे ही मामलों में सीज किया था।
सिफारिशें आईं, लेकिन पुलिस नहीं झुकी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आकाश की गिरफ्तारी के बाद कई सिफारिशी फोन कॉल आए, लेकिन पुलिस ने साफ कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। पुलिस ने दो टूक कहा है कि फर्जी वीवीआईपी पास का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वह कोई भी हो। इस घटना के बाद मेरठ में ऐसे लोगों में डर का माहौल है जो फर्जी पहचान के सहारे रौब दिखाते थे।
