Uddhav Thackeray on Delimitation Bill: संसद में परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस विधेयक के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए बिल को पहले से तैयार की गई राजनीतिक योजना बताया है। उद्धव ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी के सभी 9 सांसद संसद में इस बिल का विरोध करेंगे। उन्होंने महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों के नेताओं से भी अपील की है कि वे राजनीतिक फायदे से ऊपर उठकर देश और लोकतंत्र के हित में फैसला लें।
उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके लिए बनाई जा रही समिति में विपक्ष को उचित जगह नहीं दी गई है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उद्धव के मुताबिक, समिति में विपक्ष का प्रतिनिधित्व होना जरूरी है, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले से सब कुछ तय कर चुकी है और समिति से केवल अपनी योजना पर मुहर लगवाना चाहती है। इसी आधार पर उन्होंने इस विधेयक का विरोध करने का फैसला लिया है।
लोकसभा सीटें बढ़ेंगी तो राज्यसभा का क्या होगा?
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने परिसीमन के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर लोकसभा में सीटें बढ़ाई जा रही हैं तो क्या राज्यसभा की सीटों में भी इजाफा होगा? इस बारे में सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। उद्धव ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे की आड़ में राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश हो रही है।
स्टालिन और शरद पवार से उद्धव की खास अपील
उद्धव ठाकरे ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से भी इस विधेयक पर अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसका असर राज्यों के हितों पर पड़ सकता है। वहीं, शरद पवार से भी उन्होंने महाराष्ट्र और देश के हित को प्राथमिकता देने की बात कही। उद्धव ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी विधेयक का विरोध करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि परिसीमन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि संसद में इस विधेयक को लेकर विपक्ष किस तरह एकजुट होता है और सरकार को कितना समर्थन मिल पाता है।

