Homeदेशजेब में मिला भारतीय PAN कार्ड, लाश पाकिस्तान के कब्जे में; अब...

जेब में मिला भारतीय PAN कार्ड, लाश पाकिस्तान के कब्जे में; अब एक कब्र के लिए आमने-सामने आए दो देशों के परिवार!

जम्मू-कश्मीर में LoC के पास किशनगंगा नदी पार करते समय बारामूला के इरफान हुसैन शाह की डूबने से मौत हो गई। अब उनके शव को लेकर भारत और पीओके में रह रहे दो परिवारों के बीच पेंच फंस गया है।

-

जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा (LoC) पर बहने वाली किशनगंगा नदी, जिसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में नीलम नदी कहा जाता है, इन दिनों एक बेहद संवेदनशील और भावुक विवाद का केंद्र बनी हुई है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के रहने वाले 54 वर्षीय इरफान हुसैन शाह 22 और 23 नवंबर की दरमियानी रात केरन सेक्टर के जीरो पॉइंट के पास पैदल ही इस उफनती और बर्फीली नदी को पार करने की कोशिश कर रहे थे। हाड़ कंपा देने वाली ठंड और नदी की तेज धार के आगे वह टिक नहीं सके और पानी में बह गए। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें डूबते हुए देखे जाने के बाद PoK की नीलम डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) और पाकिस्तानी सेना ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उनका शव बरामद किया। अस्पताल में तलाशी के दौरान उनकी जेब से मिले पैन कार्ड (PAN Card) से उनकी पहचान भारतीय नागरिक इरफान हुसैन शाह के रूप में हुई।

एक शव और दो दावेदार: अधिकारियों के लिए खड़ी हुई बड़ी उलझन

इरफान का शव बरामद होने के बाद अब भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के प्रशासनिक और सैन्य अधिकारी एक अजीबोगरीब धर्मसंकट में फंस गए हैं। दरअसल, सरहद के दोनों तरफ मौजूद इरफान के परिजन अंतिम संस्कार के लिए उनके पार्थिव शरीर पर अपना हक जता रहे हैं। PoK के चिकर इलाके में रह रहीं इरफान की पत्नी और बच्चे मौत की खबर सुनते ही नीलम घाटी के जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पाकिस्तानी सेना और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि शव उन्हें सौंप दिया जाए ताकि वे आखिरी बार उनका चेहरा देख सकें और उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर सकें। दूसरी तरफ, बारामूला में रहने वाले इरफान के भाइयों और अन्य रिश्तेदारों ने स्थानीय प्रशासन और भारतीय सेना से संपर्क कर कूटनीतिक माध्यमों से शव को वापस भारत लाने की अपील की है।

1990 में छोड़ा था घर, 2010 में परिवार संग लौटे थे कश्मीर

इरफान हुसैन शाह की जिंदगी की कहानी सरहद की त्रासदी और बिछड़ने के दर्द से भरी हुई है। साल 1990 के दौर में जब कश्मीर में हालात बिगड़े थे, तब कई अन्य युवाओं की तरह इरफान भी हथियारों की ट्रेनिंग लेने के लिए सीमा पार कर PoK चले गए थे। हालांकि, उन्होंने कभी बंदूक नहीं उठाई और वहीं बसकर शादी कर ली। करीब दो दशक बाद, साल 2010 में जब जम्मू-कश्मीर सरकार ने भटके हुए युवाओं की घर वापसी के लिए ‘सरेंडर और पुनर्वास नीति’ लागू की, तो इरफान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत लौट आए। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर में काम करना शुरू किया और बारामूला में अपने परिवार के साथ एक सामान्य और शांतिपूर्ण जीवन जी रहे थे।

परिवार से बिछड़ने के गम ने उठाया यह जानलेवा कदम

हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को साल 2025 में उस वक्त नजर लग गई, जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने का कड़ा फैसला लिया, जिसकी जद में इरफान की पत्नी और बच्चे भी आ गए और उन्हें मजबूरन पाकिस्तान वापस भेज दिया गया। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, अपने बीवी-बच्चों से अलग होने के बाद इरफान गहरे मानसिक अवसाद में चले गए थे। LoC के रास्ते आवाजाही पूरी तरह बंद होने और परिवार से मिलने का कोई कानूनी रास्ता न बचने के कारण वह अंदर ही अंदर टूट चुके थे। इसी तड़प और बेबसी में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने का फैसला किया, जो उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

Read more-दिसंबर में बिजली उपभोक्ताओं की होगी मौज! लगातार छठे महीने मिलेगी राहत, जानें कितने रुपये कम आएगा बिल

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts