तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम स्थित दीपथून पर दीप जलाने को लेकर चल रहा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। मामले में सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने शनिवार को दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, उच्चिपिल्लैयार मंडपम में जलाए गए दीप की लौ से दीपथून पर दीप जलाया जाएगा। इस मामले में अदालत ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। अब मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी जाएगी। चेन्नई में तैनात CRPF कमांडेंट इस व्यवस्था की निगरानी करेंगे। अदालत के इस फैसले से विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है।
मुख्य सचिव और DGP समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दिए गए अपने पुराने आदेश का पालन नहीं होने पर नाराजगी जताई है। अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस जारी किया है। इनमें राज्य के HR&CE विभाग के अधिकारी, मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और मंदिर प्रशासन से जुड़े लोग भी शामिल हैं। कोर्ट ने सभी से जवाब मांगा है कि उसके आदेश का पालन क्यों नहीं किया गया। सुनवाई के दौरान मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के रवैये पर भी सवाल उठाए गए। अदालत का कहना है कि बोर्ड की ओर से प्रस्ताव पारित कर दीप जलाने से रोकना प्रथम दृष्टया न्यायालय के आदेश की अवहेलना का मामला नजर आता है।
सुप्रीम कोर्ट की दो टूक, आदेश मानना सभी के लिए जरूरी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसके आदेश किसी बातचीत या मोलभाव का विषय नहीं हो सकते। अदालत ने कहा कि कोई भी अधिकारी, संस्था या प्रभावशाली व्यक्ति न्यायिक प्रक्रिया से ऊपर नहीं है। जब तक सुप्रीम कोर्ट अपने आदेश में बदलाव नहीं करता या उसे रद्द नहीं करता, तब तक उसका पालन करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है। कोर्ट ने यह भी चेतावनी दी कि जानबूझकर आदेशों की अनदेखी करना कानून के शासन और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करता है। अब इस मामले में सभी संबंधित अधिकारियों के जवाब पर नजर रहेगी। साथ ही यह भी देखना अहम होगा कि शनिवार को दीपथून पर दीप जलाने का आदेश किस तरह लागू कराया जाता है।

