बेंगलुरु में रहने वाली अमेरिकी महिला डाना मैरी के साथ कैब सफर के दौरान ऐसा मामला सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। डाना के मुताबिक, उन्होंने ट्रैफिक और पार्किंग की परेशानी से बचने के लिए उबर कैब बुक की थी। पहली राइड सामान्य रही, लेकिन घर लौटने के लिए बुक की गई दूसरी कैब में बैठने के कुछ ही मिनट बाद विवाद शुरू हो गया। डाना ने बताया कि ड्राइवर ने अचानक गाड़ी रोककर किराए को लेकर आपत्ति जताई।
ड्राइवर ने टोल के लिए मांगे अतिरिक्त पैसे
डाना के अनुसार, ड्राइवर का कहना था कि ऐप पर दिखाई दे रहा किराया कम है और रास्ते में आने वाले टोल के लिए उसे अलग से भुगतान करना होगा। अमेरिकी महिला ने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार कर दिया। उनका दावा है कि उबर ऐप में टोल का शुल्क पहले से किराए में शामिल था। उन्होंने ड्राइवर से कहा कि अगर किराए को लेकर कोई समस्या है तो उबर की कस्टमर केयर सेवा से इसकी पुष्टि की जा सकती है। इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला सड़क पर ही बिगड़ने लगा।
व्यस्त सड़क पर उतरने को कहा, महिला ने खुद को असुरक्षित बताया
अमेरिकी महिला का आरोप है कि अतिरिक्त टोल देने से मना करने के बाद ड्राइवर ने उन्हें व्यस्त तिराहे के पास कैब से उतरने के लिए कहा। डाना ने बताया कि उन्हें वहां उतरना सुरक्षित नहीं लग रहा था, इसलिए उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हालात बिगड़ने पर डाना को आखिरकार कैब से उतरना पड़ा। उन्होंने करीब 10 मिनट तक दूसरी कैब का इंतजार किया, जिसके बाद एक अन्य ड्राइवर उन्हें बिना अतिरिक्त टोल की मांग किए सुरक्षित घर ले गया।
उबर से शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
डाना ने घटना के बाद उबर से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। उनके मुताबिक, कंपनी ने बताया कि संबंधित टोल शुल्क किराए में शामिल था और ड्राइवर द्वारा अलग से पैसे मांगना सही नहीं था। अमेरिकी महिला ने घटना की शिकायत भी दर्ज कराई और सोशल मीडिया पोस्ट में कैब का नंबर KA52B5047 साझा किया। पोस्ट सामने आने के बाद यूजर्स ने कैब ड्राइवरों की मनमानी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। हालांकि, मामले में ड्राइवर का पक्ष या कंपनी की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
Read More-जंतर-मंतर मारपीट केस में स्वतंत्र भारद्वाज फिर जाएंगे जेल या नहीं? कोर्ट ने सुनाया ये फैसला
