असम के गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-कन्वीनर और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) समेत पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, टीम रविवार को प्रस्तावित वॉलंटियर मीट-अप में शामिल होने पहुंची थी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस ने रांका और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। रिपोर्टों में बताया गया है कि कुछ कार्यकर्ता नागालैंड से भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
हिरासत को लेकर CJP ने लगाए आरोप
हिरासत में लिए जाने से पहले आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) ने असम सरकार और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर सवाल उठाए। आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) ने आरोप लगाया कि उनकी टीम असम के सरकारी स्कूलों की स्थिति, काजीरंगा में स्थानीय लोगों के अधिकार और बाढ़ जैसे मुद्दों को सामने लाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि टीम शांतिपूर्ण कार्यक्रम के लिए जुटी थी, लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पहले ही रोकना शुरू कर दिया। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया की पुष्टि नहीं हुई है।
जब जब हिमंता डरता है, पुलिस को आगे करता है। pic.twitter.com/eYYOV1lG0N
— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) September 27, 2026
अभिजीत दीपके ने X पर जताया विरोध
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने भी आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और उनकी टीम को हिरासत में लिए जाने का विरोध किया। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि असम पुलिस ने आशुतोष रांका और CJP की टीम को हिरासत में लेकर किसी अज्ञात स्थान की ओर ले गई। उनके मुताबिक, टीम के वकील उस स्थान के बाहर मौजूद थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। हिरासत की वजह और सभी लोगों की स्थिति को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।
स्कूल अभियान को लेकर असम पहुंचे थे रांका
आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) 26 सितंबर को असम पहुंचे थे। CJP की ओर से असम में सरकारी स्कूलों की स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाने की बात कही गई थी। इसके तहत टीम स्कूलों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखने वाली थी। गुवाहाटी में 27 सितंबर को वॉलंटियर मीटिंग भी प्रस्तावित थी। कार्यक्रम से पहले हिरासत की घटना के बाद CJP और असम पुलिस के बीच विवाद सामने आ गया है।
