पुणे के बहुचर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस के हाथ एक और बड़ी सफलता लगी है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने लोनावला इलाके से तीसरे आरोपी को धर दबोचा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया यह शख्स मुख्य आरोपियों यानी मृतक की गर्लफ्रेंड सिया गोयल और उसके साथी चेतन चौधरी का बेहद करीबी है। पुलिस अब इस नए मोड़ के बाद यह खंगालने में जुटी है कि इस पूरी साजिश का दायरा आखिर कहां तक फैला हुआ था और इसमें और कितने लोग पर्दे के पीछे से शामिल थे।
साजिश की पहले से थी भनक
गिरफ्तार किए गए तीसरे आरोपी की पहचान रितेश हांगे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बीड जिले का रहने वाला है और वर्तमान में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि रितेश को केतन अग्रवाल की हत्या की योजना के बारे में पहले से ही पूरी जानकारी थी। हालांकि, उसने हत्या वाले दिन आरोपियों के साथ लोहागढ़ किले पर जाने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने के बाद पुलिस को उसकी संलिप्तता के पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं। मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के मोबाइल से मिले डिजिटल सुरागों ने ही रितेश तक पहुंचने का रास्ता साफ किया।
मई के महीने से रची जा रही थी खूनी साजिश
जांच-पड़ताल में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि चेतन और सिया ने इस वारदात को अंजाम देने से काफी पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। मई महीने के आखिरी हफ्ते में रितेश और चेतन के बीच लगातार बातचीत हो रही थी, जबकि केतन अग्रवाल की हत्या 18 जून को हुई थी। आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने अपने एक अन्य क्लासमेट के साथ मिलकर इस मर्डर का पूरा ताना-बाना बुना था। हत्या के तुरंत बाद भी चेतन ने रितेश से मुलाकात की थी, जिससे पुलिस का यह शक और गहरा गया है कि रितेश इस पूरी खूनी खेल का एक अहम और राजदार मोहरा था।
डिजिटल सबूतों के सहारे सच उगलवाने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें रितेश हांगे को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही हैं ताकि यह साफ हो सके कि इस साजिश में उसकी भूमिका सिर्फ जानकारी रखने तक सीमित थी या उसने प्रत्यक्ष रूप से कोई मदद भी की थी। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर इस मर्डर मिस्ट्री की हर एक परत को खोलने में जुटी है। इस तीसरी गिरफ्तारी के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोटेक्टेड मर्डर केस में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और अन्य चेहरों से भी पर्दा उठ सकता है।
Read more-आरक्षण पर मैथिली ठाकुर के बयान से क्यों मची हलचल? BJP विधायक ने युवाओं को दिया ये संदेश
