मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने अब कर्नाटक की राजनीति में भी तूल पकड़ लिया है। बेंगलुरु में बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने पूरे विवाद को वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ते हुए कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए। यह विवाद उस घटना के बाद सामने आया, जिसमें बीजेपी के एक कार्यक्रम में पूजा-अर्चना को लेकर कांग्रेस की ओर से आपत्ति जताई गई थी।
बृजभूषण बोले- बीजेपी कार्यक्रमों में पूजा कोई नई बात नहीं
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि बीजेपी के कार्यक्रमों में पूजा-पाठ की परंपरा पहले से रही है। उनके मुताबिक पार्टी के बड़े कार्यक्रमों और बैठकों की शुरुआत कई बार देवी-देवताओं की पूजा से होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गणेश जी और हनुमान जी की पूजा के अलावा स्कूलों में भी कार्यक्रमों की शुरुआत सरस्वती माता की पूजा से होती है। बृजभूषण ने सवाल उठाया कि अगर किसी कार्यक्रम में धार्मिक परंपरा के तहत पूजा की जाती है तो उसे अलग अर्थ देकर विवाद खड़ा करना उचित नहीं है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना, लगाया तुष्टिकरण का आरोप
बीजेपी नेता ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को दलित वोटों से जोड़कर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। बृजभूषण ने कहा कि चुनाव के समय सभी दल अलग-अलग वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनके मुताबिक वर्तमान समय में दलित समाज का बड़ा हिस्सा बीजेपी के साथ है। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर दावा किया कि चुनाव नजदीक आने पर उनका रुख बदल सकता है और वह खुद को हिंदू के तौर पर पेश करने की कोशिश कर सकते हैं।
हल्द्वानी के बाद बेंगलुरु में भी दर्ज हुई FIR
दरअसल, हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी सिलसिले में उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी। अब बेंगलुरु में बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के एसी विभाग के पूर्व उपाध्यक्ष टीआर रामप्पा की शिकायत में महेंद्र भट्ट पर कथित तौर पर इस कार्रवाई का समर्थन करने का आरोप लगाया गया है। पूरे मामले को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
Read more-मोहम्मद शमी को लेकर क्या बोल गए ईशान किशन? कहा- ‘उनके अंदर…’
