बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तजुआ गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के सिर्फ पांच महीने बाद महिला का शव घर के टीनशेड में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान संगीता के रूप में हुई है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में उसे कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे थे।
22 अप्रैल को हुई थी शादी
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी किसान राम सिंह ने अपनी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को तजुआ गांव निवासी धारा सिंह के साथ की थी। पिता का कहना है कि शादी के बाद बेटी ने कई बार फोन करके ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना की जानकारी दी थी। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। बेटी की शिकायत के बाद राम सिंह ने खुद ससुराल पहुंचकर परिवार के लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।
टीनशेड में लटका मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस
संगीता की मौत की खबर मिलते ही मायके वाले तजुआ गांव पहुंचे। वहां उन्होंने घर के टीनशेड में बेटी का शव कुंडे से लटका देखा। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर डायल 112 की टीम और धौंराटांडा चौकी प्रभारी पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पति-ससुर समेत पांच के खिलाफ FIR
मृतका के पिता की तहरीर पर भोजीपुरा पुलिस ने पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी और संतोष कुमार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर दहेज हत्या और प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। सीओ हाईवे देवेश सिंह के अनुसार, पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read more-11 दिन तक मलबे में दबी रही महिला, अचानक सुनाई दी आवाज, फिर अचानक हुआ चमत्कार!
