Kangana Ranaut: हिमाचल प्रदेश के मंडी में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अधिकारियों पर नाराज नजर आईं। विकास योजनाओं में देरी और सरकारी कामकाज की धीमी रफ्तार को लेकर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा। कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने साफ कहा कि दिशा की बैठक महज एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। इसमें जो फैसले लिए जाते हैं, उनका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने पिछली बैठकों में उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी।
फंड मिला, फिर भी काम अटका तो क्यों?
बैठक में कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने सरकारी योजनाओं के लिए जारी धनराशि के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं में केंद्र से पैसा मिलने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। कुछ मामले जमीन से जुड़े विवादों के कारण अटके हैं, जबकि कुछ में अनुमति या एनओसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। सांसद ने ऐसे सभी लंबित मामलों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही 40, 50, 60 और 80 प्रतिशत तक पूरे हो चुके कामों की अलग-अलग जानकारी जुटाने और हर परियोजना के लिए समयसीमा तय करने को कहा।
पैसा लौटाने का निर्देश काफी नहीं, खाते में आना चाहिए
कंगना रनौत (Kangana Ranaut)ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि किसी काम में गड़बड़ी या देरी होने पर सिर्फ राशि वापस करने का निर्देश देना पर्याप्त नहीं है। जब तक रकम वास्तव में सरकारी खाते में वापस नहीं आती, तब तक कार्रवाई पूरी नहीं मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित परियोजना की स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों पर नजर रखी जाएगी और लापरवाही मिलने पर इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों तक भेजी जाएगी।
कंगना बोलीं- मेरी रफ्तार धीमी नहीं होगी
बैठक के दौरान कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने अधिकारियों को अपने साथ कदम मिलाकर चलने की बात कही। उन्होंने साफ संदेश दिया कि अब बैठकों में केवल योजनाओं और दावों पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि जमीन पर काम की प्रगति देखी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह अपनी कार्य गति कम नहीं करेंगी और विभागों की नियमित समीक्षा जारी रहेगी। अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने और लंबित योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
Read More-11 दिन तक मलबे में दबी रही महिला, अचानक सुनाई दी आवाज, फिर अचानक हुआ चमत्कार!
