Homeदेशस्कूल गई 10वीं की छात्रा फिर घर नहीं लौटी, रेलवे ट्रैक पर...

स्कूल गई 10वीं की छात्रा फिर घर नहीं लौटी, रेलवे ट्रैक पर जो मिला उससे मच गया हड़कंप

पटना के खगौल में केंद्रीय विद्यालय की 10वीं की छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद लापता हो गई। रेलवे ट्रैक पर स्कूल ड्रेस, बैग और आईकार्ड मिलने से हड़कंप मचा है। पुलिस तलाश में जुटी है।

-

Patna Girl Student Missing:टना के खगौल इलाके में केंद्रीय विद्यालय की 10वीं की छात्रा के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह स्कूल गई छात्रा छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची। परिवार ने जब उसकी तलाश शुरू की तो रेलवे ट्रैक के पास उसकी स्कूल ड्रेस, बैग और आईकार्ड मिला। सामान मिलने के बाद परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया और पुलिस से छात्रा को जल्द खोजने की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्रा की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।

स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची छात्रा

लापता 10वीं की छात्रा की पहचान सपना कुमारी के रूप में हुई है। उसके चाचा प्रेम कुमार के मुताबिक, सपना अपने परिवार के साथ लोको रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर में रहती है। उसके पिता संजय कुमार रेलवे में नौकरी करते हैं। सोमवार 10 अगस्त को सपना सुबह करीब 8 बजे स्कूल गई थी। केंद्रीय विद्यालय में उसकी छुट्टी दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर होती है, लेकिन छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। पहले स्कूल और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला।

रेलवे ट्रैक पर मिला बैग, ड्रेस और आईकार्ड

परिवार और परिचितों ने छात्रा को ढूंढते हुए आसपास के इलाकों की तलाश की। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास छात्रा की स्कूल ड्रेस, स्कूल बैग और आईकार्ड पड़ा मिला। छात्रा का सामान इस तरह मिलने से परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत भी दी। परिवार का आरोप है कि उन्हें पुलिस की ओर से अगले दिन थाना प्रभारी के आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई। छात्रा के परिजन लगातार पुलिस से उसकी जल्द तलाश करने की अपील कर रहे हैं।

सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप

छात्रा के सामान मिलने और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने देर रात सरारी गुमटी के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आगजनी भी की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस के साथ आसपास के अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों की नाराजगी को देखते हुए पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की। परिजनों की मांग है कि छात्रा को जल्द से जल्द खोजा जाए और अगर उसके साथ कोई अनहोनी हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

CCTV में दोस्त के साथ दिखी छात्रा

पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए जांच तेज कर दी है। डीएसपी अजीत कुमार के मुताबिक, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा की तलाश में डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई और स्कूल परिसर में छानबीन की गई। जांच के दौरान स्कूल के CCTV फुटेज में छात्रा एक दोस्त के साथ जाती हुई दिखाई दी है। अब पुलिस उस दोस्त से जुड़ी जानकारी और छात्रा के स्कूल से निकलने के बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है। फिलहाल छात्रा कहां है और रेलवे ट्रैक के पास उसका सामान कैसे पहुंचा, इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तलाश जारी है।

Read More-अमेरिकी कोर्ट में अदाणी पर चल रहा था रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी का केस, अदालत ने क्या सुनाया फैसला?

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts