मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास उसके दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला किया गया। यह इलाका दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रास्तों में गिना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल दूसरे देशों तक पहुंचाया जाता है। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। यूएई ने कहा है कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
हमले में भारतीय नागरिक की गई जान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई है। वह तेल टैंकर पर काम कर रहा था। इसके अलावा आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इस घटना के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मृतक भारतीय के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए यह घटना चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
यूएई ने दी कड़ी चेतावनी
हमले के बाद यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कड़ा बयान जारी किया है। मंत्रालय ने इस घटना को “बेशर्म हमला” बताया और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन है। यूएई ने साफ कहा है कि उसे अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा का पूरा अधिकार है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी देश या संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान की ओर से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सऊदी अरब में भी बढ़ी सुरक्षा
इसी बीच खबरें हैं कि यमन की तरफ से सऊदी अरब की ओर कई मिसाइलें दागी गईं। बताया जा रहा है कि आभा एयरपोर्ट के आसपास के इलाके में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके बाद सऊदी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ऐसे हमले जारी रहे तो पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। इसका असर तेल की सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं।
Read More-क्या यूपी में प्रशासक बने रहेंगे ग्राम प्रधान? इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लिया बड़ा फैसला
