दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान अचानक माहौल बदल गया। जहां एक तरफ संगठन का प्रदर्शन चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ एक व्यक्ति हाथ में ‘हिट स्प्रे’ लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने प्रदर्शन स्थल के बाहर कॉकरोच की तस्वीर पर स्प्रे छिड़ककर विरोध जताया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच हलचल बढ़ गई और कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन को देखने आए लोग भी इस अचानक हुई घटना से हैरान रह गए।
प्रदर्शन पर उठाए सवाल, भीड़ को लेकर किया दावा
विरोध करने वाले व्यक्ति ने प्रदर्शन के दौरान संगठन पर सवाल उठाए। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर CJP के करोड़ों समर्थक होने का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर बहुत कम लोग दिखाई दे रहे हैं। उसने यह भी पूछा कि “दो करोड़ फॉलोअर्स होने के बावजूद मैदान में भीड़ कहां है?” उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी प्रदर्शन को लेकर अपनी राय रखी और इसे “फ्लॉप शो” बताया। हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और वे सिर्फ अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त करने आए हैं।
‘भारत को नेपाल-बांग्लादेश नहीं बनने देंगे’—विरोध में बड़ा बयान
विरोध कर रहे लोगों ने इस दौरान कड़ा बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि वे भारत को किसी भी हालत में नेपाल या बांग्लादेश जैसी स्थिति में नहीं जाने देना चाहते। उनका आरोप था कि इस तरह के आंदोलन देश को गलत दिशा में ले जा सकते हैं। दूसरी तरफ, प्रदर्शन स्थल पर मौजूद CJP समर्थकों ने इन आरोपों का विरोध किया और कहा कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच कुछ समय तक तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल और गर्म हो गया।
पुलिस की मौजूदगी से टली बड़ी टकराव की स्थिति
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को अलग किया गया और किसी भी तरह की झड़प को रोका गया। CJP समर्थकों का कहना है कि उनका आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर है। वहीं, प्रदर्शन के विरोध में आए लोगों का कहना था कि सोशल मीडिया और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। जंतर-मंतर पर पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, क्योंकि यह प्रदर्शन पहले से ही चर्चा में था। इस पूरे घटनाक्रम ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया और मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा।
Read More-कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर खोला मोर्चा, सरकार के सामने रखी यें 5 मागें
