बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक अभ्यर्थी को जारी किए गए एडमिट कार्ड में उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छाप दी गई। यह घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धवा गांव निवासी रितेश कुमार के साथ हुई है। एडमिट कार्ड देखते ही रितेश के होश उड़ गए। नाम, रोल नंबर और बाकी जानकारी सही थी, लेकिन जहां उनकी तस्वीर होनी चाहिए थी वहां कुत्ते की फोटो दिखाई दे रही थी। इस अजीब गलती के कारण अब अभ्यर्थी काफी परेशान है और समय रहते सुधार की मांग कर रहा है।
चार साल बाद आया एडमिट कार्ड, फिर भी हो गई बड़ी गलती
रितेश कुमार के अनुसार उन्होंने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी के पद के लिए आवेदन किया था। लंबे इंतजार के बाद अब जाकर इस भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। जब उन्होंने अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड किया तो उसमें अपनी तस्वीर की जगह कुत्ते की फोटो देखकर वे हैरान रह गए। रितेश का कहना है कि उन्होंने आवेदन करते समय सभी दस्तावेज और फोटो सही तरीके से अपलोड किए थे। इसके बावजूद एडमिट कार्ड में इस तरह की गलती होना समझ से परे है। उन्होंने इसे संबंधित बोर्ड या तकनीकी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताया है।
बोर्ड को भेजी शिकायत, परीक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
रितेश कुमार ने इस मामले को लेकर संबंधित भर्ती बोर्ड और विभाग के अधिकारियों को शिकायत भेजी है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द इस गलती को ठीक किया जाए ताकि उन्हें परीक्षा देने में कोई परेशानी न हो। दरअसल, सिविल कोर्ट में चपरासी पद की लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित होने वाली है। रितेश का परीक्षा केंद्र सहरसा में बनाया गया है। ऐसे में एडमिट कार्ड में गलत फोटो होने के कारण उन्हें डर है कि परीक्षा केंद्र पर उनकी पहचान को लेकर समस्या खड़ी हो सकती है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी तकनीकी गड़बड़ियां
बिहार में सरकारी दस्तावेजों और ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी इस तरह की गड़बड़ियां पहले भी चर्चा में रही हैं। कई मामलों में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र या निवास प्रमाण पत्र में गलत जानकारी या फोटो लगने की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि एडमिट कार्ड में किसी उम्मीदवार की जगह कुत्ते की तस्वीर छपने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। अब देखना होगा कि भर्ती बोर्ड इस गलती को कितनी जल्दी सुधारता है और अभ्यर्थी को परीक्षा देने में कोई परेशानी होती है या नहीं।
