बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के सूरजपुर निवासी विनायक पंडित के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि विनायक देर रात एक घर में डिलीवरी बॉय बनकर दाखिल हुआ था, लेकिन सुबह उसकी लाश उसी घर में लटकी हुई मिली. हैरान करने वाली बात यह है कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था, बल्कि केवल महिलाएं ही थीं. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पर मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है.
दो साल से चल रहा था अवैध प्रेम संबंध
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे इस मामले को और भी रहस्यमय बना रहे हैं. बताया जा रहा है कि मृतक विनायक पंडित का मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर निवासी तेज नारायण पंडित की छोटी बहू आरती देवी के साथ पिछले करीब दो वर्षों से अवैध प्रेम संबंध था. इसी रिश्ते के चलते विनायक बीती रात चोरी-छिपे आरती के घर पहुंचा था. ताकि किसी को शक न हो, वह खुद को ‘डिलीवरी बॉय’ बताकर घर में दाखिल हुआ. शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हालात बिगड़ गए. स्थानीय लोगों में चर्चा है कि विनायक की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया. हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
घर के पुरुष फरार, दो महिलाएं हिरासत में, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस
घटना के बाद से आरती देवी के घर के सभी पुरुष सदस्य फरार बताए जा रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है. पुलिस ने आरती देवी और उसकी देवरानी फूलों देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूछताछ के दौरान दोनों के बयान में कई अहम बातें सामने आई हैं, लेकिन कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं. फूलों देवी ने पुलिस को बताया कि विनायक खुद को डिलीवरी बॉय बताकर घर आया था और जब उन्होंने उसे आरती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा तो हंगामा हुआ. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. हालांकि यह आत्महत्या है या हत्या, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मनिहारी थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सूचना मिली थी कि कुमारीपुर बाजार में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल की जांच में यह साफ हुआ है कि युवक को महिला ने ही घर बुलाया था और उस वक्त घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं. प्रेम प्रसंग की बात खुद महिला ने भी स्वीकार की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम और तकनीकी जांच की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल है, और लोग यही सवाल कर रहे हैं कि क्या यह प्रेम में आत्महत्या थी या फिर सुनियोजित हत्या.
