भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में आ गए हैं। रिंकू सिंह द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में भगवान हनुमान, भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान गणेश को काले चश्मे में कार चलाते और क्रिकेट में छक्के लगाते हुए दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एआई तकनीक से तैयार किया गया है, जिसमें रिंकू सिंह खुद बल्लेबाजी करते नजर आते हैं और साथ ही देवी-देवताओं को मॉडर्न अवतार में दर्शाया गया है। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए आपत्ति जताई, जबकि कुछ ने इसे रचनात्मक स्वतंत्रता बताया। इसी बीच करणी सेना ने इस पोस्ट को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया और इसे हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत करने वाला बताया।
करणी सेना ने थाने में दी तहरीर
विवाद बढ़ने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ता अलीगढ़ के थाना सासनी गेट पहुंचे और रिंकू सिंह के खिलाफ तहरीर दी। करणी सेना का कहना है कि इस वीडियो में देवी-देवताओं को काले चश्मे पहनाकर और कार चलाते हुए दिखाना सनातन धर्म का अपमान है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की प्रस्तुति से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। करणी सेना ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में गंभीरता से जांच की जाए और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। तहरीर में यह भी कहा गया है कि रिंकू सिंह एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और उनसे समाज में सकारात्मक संदेश देने की अपेक्षा की जाती है, न कि ऐसे विवादित कंटेंट साझा करने की।
प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के बयान
करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह देश के लिए खेलते हैं और हाल ही में उनका वर्ल्ड कप के लिए चयन हुआ है, जो पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है। लेकिन इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट से सनातन धर्म की आस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। वहीं करणी सेना के जिला अध्यक्ष सुमित तोमर ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला सोशल मीडिया के माध्यम से आया, जिसमें देवी-देवताओं को एआई जेनरेटेड वीडियो में आपत्तिजनक रूप में दिखाया गया है। उन्होंने दावा किया कि संगठन के पास इस पोस्ट से जुड़े सभी साक्ष्य मौजूद हैं और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुमित तोमर ने यह भी कहा कि रिंकू सिंह जैसे चर्चित व्यक्ति द्वारा किया गया यह कृत्य समाज में गलत संदेश देता है।
माफी की मांग और आंदोलन की चेतावनी
करणी सेना ने इस पूरे मामले में रिंकू सिंह से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। संगठन का कहना है कि अगर क्रिकेटर अपनी पोस्ट के लिए माफी नहीं मांगते और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो करणी सेना प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। करणी सेना ने चेतावनी दी है कि सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर को संज्ञान में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं रिंकू सिंह या उनके प्रबंधन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या रिंकू सिंह इस विवाद पर कोई सफाई या माफी देते हैं।
