दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरे शोक में डुबो दिया। 90वें जन्मदिन से महज 15 दिन पहले उनका यूं अचानक जाना सभी के लिए भावनात्मक झटका था। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि कई पीढ़ियों की यादों का हिस्सा थे। उनके निधन के बाद पूरे देश से श्रद्धांजलि संदेश आने लगे। लेकिन इसी बीच एक बात ने सबका ध्यान खींचा—धर्मेंद्र के लिए एक नहीं, बल्कि अलग-अलग जगहों पर तीन प्रार्थना सभाओं का आयोजन हुआ। यही वजह रही कि देओल परिवार और हेमा मालिनी के रिश्तों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गईं।
मुंबई में दो अलग प्रेयर मीट, यहीं से शुरू हुई अनबन की चर्चा
धर्मेंद्र के निधन के कुछ ही दिनों बाद मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में सनी देओल, बॉबी देओल और उनकी मां प्रकाश कौर की ओर से एक प्रार्थना सभा रखी गई। इस सभा में फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। सलमान खान, रेखा, विद्या बालन, ऐश्वर्या राय बच्चन समेत तमाम सेलेब्रिटीज ने धर्मेंद्र को नम आंखों से विदाई दी। वहीं ठीक उसी दिन हेमा मालिनी ने अपने मुंबई स्थित आवास पर अलग से पूजा और भजन का आयोजन किया। इस प्रार्थना सभा में उनकी बेटियां ईशा और अहाना देओल भी मौजूद रहीं। खास बात यह रही कि हेमा मालिनी और उनकी बेटियां देओल परिवार की प्रार्थना सभा में शामिल नहीं हुईं। इसी एक फैसले ने सोशल मीडिया से लेकर बॉलीवुड गलियारों तक रिश्तों में दरार की चर्चाओं को हवा दे दी।
दिल्ली और मथुरा की प्रार्थना सभा, राजनीति भी बनी वजह
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। हेमा मालिनी ने 11 दिसंबर को नई दिल्ली में धर्मेंद्र के लिए एक और प्रार्थना सभा आयोजित की। यह आयोजन जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में हुआ, जिसमें राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। अमित शाह, निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, ओम बिरला, कंगना रनौत जैसे नाम इस सभा में देखे गए। इसके अलावा मथुरा में भी एक प्रार्थना सभा रखी गई, जहां धर्मेंद्र के चाहने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। इन अलग-अलग आयोजनों के बाद सवाल और गहरे हो गए—क्या यह सब परिवार के भीतर किसी मतभेद का संकेत है? क्या सनी-बॉबी और हेमा मालिनी के बीच रिश्ते पहले जैसे नहीं रहे? इन सवालों का जवाब आखिरकार खुद हेमा मालिनी ने दिया।
हेमा मालिनी ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं—‘ये हमारा निजी फैसला था’
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए हालिया इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने इन सभी अटकलों पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि धर्मेंद्र के लिए अलग-अलग प्रार्थना सभाएं रखना पूरी तरह उनका निजी फैसला था। हेमा मालिनी के मुताबिक, उनके सहयोगी, मित्र और राजनीतिक संपर्क अलग-अलग क्षेत्रों से हैं, इसलिए उन्होंने अपने घर पर, दिल्ली में और मथुरा में अलग प्रार्थना सभाएं आयोजित कीं। उन्होंने यह भी कहा कि इन आयोजनों को परिवार की अनबन से जोड़ना गलत है। सनी और बॉबी देओल के साथ रिश्तों को लेकर उड़ रही अफवाहों पर भी उन्होंने विराम लगाते हुए कहा कि परिवार के भीतर सब कुछ बातचीत से तय हुआ था। हेमा मालिनी ने साफ किया कि वह अपने फैसलों से पूरी तरह संतुष्ट हैं और धर्मेंद्र के लिए श्रद्धा व्यक्त करने के ये अलग-अलग तरीके थे, न कि किसी तरह का विवाद।
READ mORE-सावधान! हैंडपंप से निकल रहा है ‘केमिकल पानी’, हजारों लोग पीने को मजबूर, प्रशासन क्यों चुप?
