दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब में राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी की हत्या समेत तीन सनसनीखेज मर्डर केसों में शामिल लॉरेंस विश्नोई गैंग के पांच शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई और आरजू बिश्नोई के इशारे पर काम कर रहे थे। इन शूटरों ने बीते कुछ महीनों में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दहशत फैलाने वाली हत्याओं को अंजाम दिया था। लंबे समय से फरार चल रहे इन अपराधियों की तलाश कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। स्पेशल सेल की इस कार्रवाई को उत्तर भारत में संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
तीन राज्यों में दहशत, तीन बड़ी हत्याओं का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार शूटरों ने तीन अलग-अलग हत्याकांडों को अंजाम दिया था। 1 दिसंबर को चंडीगढ़ में गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी की सरेआम गोली मारकर हत्या की गई थी। इससे पहले सितंबर महीने में अमृतसर के लायन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक आशु महाजन की हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे शहर में खौफ का माहौल बन गया था। वहीं जून महीने में हरियाणा के पंचकूला में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा की हत्या ने खेल जगत को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस के मुताबिक इन सभी हत्याओं के पीछे गैंगवार, वर्चस्व की लड़ाई और आपराधिक नेटवर्क को मजबूत करने की साजिश थी। गिरफ्तार आरोपी इन वारदातों में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं।
अनमोल–आरजू बिश्नोई नेटवर्क का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये सभी शूटर अनमोल बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग के लिए काम कर रहे थे। इन्हें अलग-अलग राज्यों में टारगेट देकर हत्या करने के निर्देश दिए जाते थे। वारदात के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से बचे रहें। जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क में रहता था। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य सबूत भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से गैंग की कमर टूटने की उम्मीद है और आने वाले समय में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
आज होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, सामने आएंगे अहम खुलासे
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। इस पूरे मामले को लेकर आज 17 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे दिल्ली पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेंटर में स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान हत्याकांडों की पूरी साजिश, गैंग के नेटवर्क और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में लॉरेंस विश्नोई गैंग के अन्य सदस्यों और फंडिंग नेटवर्क को लेकर भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल, इन पांच शूटरों की गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस की बड़ी जीत माना जा रहा है।
Read more-माफी से इनकार, बयान बरकरार… ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस नेता के बोल से गरमाई राजनीति
