टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस अविका गौर जल्द ही अपनी जिंदगी के नए सफर पर निकलने वाली हैं। ‘बालिका वधू’ और ‘ससुराल सिमर का’ जैसी सुपरहिट सीरियल्स में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली अविका की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार उनकी शादी किसी आम फंक्शन में नहीं, बल्कि छोटे पर्दे के चर्चित रिएलिटी शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ के सेट पर होने जा रही है, जिससे फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
शादी का निमंत्रण कार्ड करेगा सरप्राइज
सूत्रों के मुताबिक, ‘पति, पत्नी और पंगा’ की टीम ने बताया है कि आने वाले एपिसोड में अविका गौर और मिलिंद चंदवानी की शादी का इनविटेशन कार्ड ऑन-स्क्रीन रिवील किया जाएगा। इस एपिसोड के जरिए दर्शकों को न सिर्फ शादी की झलक मिलेगी, बल्कि इस ग्रैंड सेलिब्रेशन में शामिल होने वाली खास हस्तियों के नाम भी धीरे-धीरे सामने लाए जाएंगे। फैंस बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब टीवी स्क्रीन पर उनकी शादी का काउंटडाउन शुरू होगा।
View this post on Instagram
शादी में दिखेगा स्टार्स का जलवा
बताया जा रहा है कि इस शादी में टीवी और फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत करने वाली हैं, जिससे यह एपिसोड एक शानदार विजुअल ट्रीट बनने जा रहा है। अविका और मिलिंद की शादी न सिर्फ उनके फैन्स के लिए एक स्पेशल मोमेंट होगी, बल्कि टीवी इंडस्ट्री के लिए भी यह किसी फेस्टिवल से कम नहीं होगी। आने वाले दिनों में इस ग्रैंड वेडिंग से जुड़ी और भी अपडेट्स शो के जरिए सामने लाई जाएंगी, जिससे दर्शकों की उत्सुकता लगातार बनी रहेगी।
