दिल्ली पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल मामले का पर्दाफाश किया है जिसमें एक प्राइवेट एयरलाइंस में काम करने वाला पायलट महिलाओं की गुप्त वीडियो रिकॉर्डिंग करते पकड़ा गया। 31 वर्षीय आरोपी मोहित प्रियदर्शी, जो यूपी के आगरा का निवासी है, को पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके पास से एक स्पाई कैमरा बरामद किया गया, जो लाइटर के आकार में छिपा हुआ था। इस डिवाइस का इस्तेमाल वह सार्वजनिक स्थानों और निजी पलों में महिलाओं के वीडियो बनाने के लिए करता था।
अपराध कबूला, निजी संतुष्टि का बहाना
पुलिस की पूछताछ में मोहित ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि यह सब वह “निजी संतुष्टि” के लिए करता था और किसी भी महिला को उसकी रिकॉर्डिंग की जानकारी नहीं थी। आरोपी के कब्जे से मिले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि पता चल सके कि कहीं यह सामग्री किसी वेबसाइट या ग्रुप में शेयर तो नहीं की गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि पीड़िताओं की संख्या अधिक हो सकती है।
पायलट की करतूत से हिल गई प्रोफेशनल वर्ल्ड
एक सम्मानजनक पेशे से जुड़ा शख्स इस तरह की नीच हरकत कर सकता है, यह जानकर लोग हैरान हैं। मोहित का सोशल प्रोफाइल सामान्य था और वह लोगों के बीच सौम्य व्यवहार के लिए जाना जाता था। लेकिन कैमरे के पीछे उसकी घिनौनी सच्चाई अब उजागर हो चुकी है। दिल्ली पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या वह इस आपराधिक गतिविधि में अकेला था या इसके पीछे कोई और गैंग भी सक्रिय है। आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
Read more-तेजस्वी यादव का बीजेपी पर बड़ा आरोप, कहा- बिहार बंद में महिलाओं और बच्चों पर हुआ हमला
