उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वायरल वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। वायरल वीडियो में बीजेपी के एक जिलाध्यक्ष, मुखलाल पाल, जिले के एसपी अनूप सिंह से बातचीत में कहते नजर आ रहे हैं, “ये मुलायम की सरकार नहीं है जो गोली चलवा देंगे।” इस बयान को लेकर अखिलेश यादव ने सवाल दागते हुए पूछा कि क्या अब पुलिस भी सीधे बीजेपी नेताओं के आदेश पर चलेगी? उन्होंने कहा कि कानून का शासन खत्म होता दिख रहा है और सत्ता का घमंड पुलिस पर भी हावी होता जा रहा है।
अखिलेश ने जताई चिंता, कानून व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
अखिलेश यादव ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि बीजेपी के नेता अब खुलेआम कानून को ताक पर रखकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर पूछा – “क्या अब पुलिस प्रशासन भी बीजेपी नेताओं की कठपुतली बन चुका है?” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब सत्ता पक्ष के नेता इस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं, तो आम जनता में सुरक्षा की भावना कैसे बनी रह सकती है? पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से इस वीडियो की जांच कराने और जिलाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बीजेपी की चुप्पी पर उठे सवाल, विपक्ष हमलावर
इस विवाद पर अभी तक बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिससे विपक्ष को और हमलावर होने का मौका मिल गया है। समाजवादी पार्टी के अन्य नेताओं ने भी वीडियो को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह स्पष्ट दर्शाता है कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव हावी है। वहीं कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटना आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था को बड़ा चुनावी मुद्दा बना सकती है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस मामले में क्या रुख अपनाती है और क्या इस वायरल वीडियो पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
Read more-भारत-पाक के बीच ‘पानी का संग्राम’… शहबाज की गीदड़ भभकी बोले- एक बूंद भी नहीं रोकने देंगे
