नए साल से ठीक पहले उत्तर भारत के बड़े हिस्से घने कोहरे की चपेट में आ गए हैं। रविवार सुबह कई राज्यों में कोहरा इतना घना रहा कि सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। इसका सीधा असर हवाई और रेल सेवाओं पर पड़ा, जहां कई उड़ानें और ट्रेनें देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में सुबह के समय हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। आम लोगों को दफ्तर, अस्पताल और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति सिर्फ एक दिन की नहीं है, बल्कि नए साल की शुरुआत भी कोहरे और ठंड के साये में होने वाली है।
यूपी में रेड अलर्ट, कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा
भारत मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी करते हुए कई राज्यों को अलग-अलग अलर्ट कैटेगरी में रखा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है। रविवार को इन इलाकों में कोहरे की मोटी चादर देखने को मिली और आने वाले दिनों में भी हालात सुधरने के आसार कम हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा बना रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भी कोहरे की स्थिति गंभीर रह सकती है।
ये है ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले राज्य
मौसम विभाग ने दिल्ली समेत पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, बिहार, असम और मेघालय के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में घने कोहरे के साथ-साथ ठंड भी परेशानी बढ़ा सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत करीब 13 राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 28 से 30 दिसंबर के बीच शीतलहर चलने का अनुमान है। ठंड और कोहरे का यह मेल खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों के लिए जोखिम भरा माना जा रहा है।
1 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी को भी कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे इलाकों में सुबह के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, जम्मू डिवीजन, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में भी रात और सुबह के समय कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नए साल के जश्न की योजना बना रहे लोगों को मौसम को ध्यान में रखकर यात्रा करनी चाहिए और सावधानी बरतनी चाहिए। कोहरे और ठंड का यह दौर जनवरी के शुरुआती दिनों तक जारी रह सकता है।
Read More-क्या भारत में दाखिल हुए उस्मान हादी के हत्यारे? ढाका पुलिस के दावे से मचा हड़कंप, BSF ने किया खुलासा
