Homeदेश61 हजार युवाओं को एक साथ मिली सरकारी नौकरी, पीएम मोदी बोले–...

61 हजार युवाओं को एक साथ मिली सरकारी नौकरी, पीएम मोदी बोले– यह सिर्फ नियुक्ति पत्र नहीं, राष्ट्र निर्माण का न्योता है

-

पीएम मोदी ने शनिवार को आयोजित 18वें रोजगार मेले में देशभर के 61 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया गया, जिसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित युवा जुड़े। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन हजारों परिवारों के लिए खुशी लेकर आया है। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को आज नियुक्ति पत्र मिले हैं, वे अपने जीवन की एक नई शुरुआत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इन नियुक्ति पत्रों को सिर्फ नौकरी का कागज नहीं, बल्कि “नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर” बताया। उन्होंने कहा कि यह पत्र विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प है। पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि सरकारी सेवा सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है, जिसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाना चाहिए।

बसंत पंचमी और गणतंत्र पर्व से जोड़ा संदेश

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सांस्कृतिक और संवैधानिक मूल्यों को भी युवाओं से जोड़ा। उन्होंने कहा कि साल 2026 की शुरुआत युवाओं के जीवन में नई खुशियां लेकर आई है। बसंत पंचमी के बीतने का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जैसे प्रकृति में बसंत नई ऊर्जा लाता है, वैसे ही यह नौकरी युवाओं के जीवन में नई उम्मीद और उत्साह लेकर आई है। उन्होंने यह भी कहा कि यह समय संविधान के प्रति कर्तव्यों को समझने और निभाने का है। पीएम मोदी ने कहा कि संयोग से इस समय देश में गणतंत्र का महापर्व चल रहा है और ऐसे समय में सरकारी सेवा में प्रवेश करना गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों, नियमों और जिम्मेदारियों को आत्मसात करने की अपील की और कहा कि देश की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

बदलती टेक्नोलॉजी में खुद को अपडेट रखना जरूरी

पीएम मोदी ने अपने भाषण में तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और कामकाज के नए तरीकों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है और इसके साथ ही देश की जरूरतें और प्राथमिकताएं भी बदल रही हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को भी खुद को लगातार अपडेट करना होगा। पीएम ने बताया कि iGOT प्लेटफॉर्म के जरिए अब तक करीब डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी खुद को नए सिरे से ट्रेन कर रहे हैं। यह प्लेटफॉर्म कर्मचारियों को नई तकनीक, नई स्किल्स और बेहतर सेवा देने के लिए तैयार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “नागरिक देवो भव:” का मंत्र हम सभी को अपनाना चाहिए, यानी हर नागरिक को भगवान मानकर उसकी सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक संवेदनशील, प्रशिक्षित और जिम्मेदार कर्मचारी ही जनता का भरोसा जीत सकता है।

रिफॉर्म एक्सप्रेस पर देश, महिलाओं की भागीदारी बढ़ी

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है, जिसका मकसद जीवन और कारोबार दोनों को आसान बनाना है। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में 8 हजार से ज्यादा बेटियों को भी नियुक्ति पत्र मिले हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा संकेत है। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत सरकार कई देशों के साथ ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट कर रही है, जिससे भारतीय युवाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। डिजिटल मीडिया, टेक्नोलॉजी और क्रिएटर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से ग्लोबल हब बन रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Read More-पानी में डूबी कार, पत्थरों से भरा दलदल और बिना रस्सी उतरा रेस्क्यू… ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर की मौत ने खोल दी सिस्टम की परतें

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts