हरियाणा के यमुनानगर के व्यस्त रेलवे रोड मेन बाजार में शुक्रवार शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई। शराब के नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने अपनी तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े चार कारों और दो एक्टिवा को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर दुकानदार और राहगीर मौजूद थे। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिसकर्मी चला रहा था कार
हादसे के बाद जब लोगों ने कार को देखा तो उस पर हरियाणा पुलिस का स्टीकर लगा पाया गया। जांच में यह सामने आया कि कार चालक SI बलविंदर थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था और इसी वजह से उसने कार पर नियंत्रण खो दिया। यह घटना न केवल आम जनता बल्कि पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
पास में लगे CCTV कैमरे ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक के बाद एक वाहनों से टकराती है। यह सीसीटीवी फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन चुका है। अधिकारियों ने बताया कि फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा गया। उनका कहना था कि जब कानून की रक्षा करने वाले ही लापरवाही करेंगे तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा कैसे महसूस कर पाएंगे। कई लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने भी जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
