धौलपुर जिले के सैंपऊ क्षेत्र में मंगलवार को पार्वती नदी ने एक बड़ा हादसा अपने तेज बहाव में समेट लिया। नदी के ऊपर बना पुल जलमग्न हो चुका था, लेकिन एक ट्रक चालक ने खतरा उठाते हुए पुल पार करने की कोशिश की। ट्रक जैसे ही बहाव में आया, उसका संतुलन बिगड़ा और वह धीरे-धीरे नदी में समाने लगा। ट्रक में सवार तीन लोगों में से एक ने कूदकर किसी तरह जान बचाई, लेकिन दो अन्य लोग पानी में बह गए। इस पूरे हादसे का वीडियो घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेस्क्यू अभियान जारी
स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और लापता लोगों की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की थी, मगर चालकों ने चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे ट्रक कुछ सेकंड के भीतर पानी में समा गया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों की चीख-पुकार और बेबसी रोंगटे खड़े कर देने वाली है। लोग प्रशासन पर समय पर चेतावनी न जारी करने और इलाके में बैरिकेडिंग न करने का आरोप भी लगा रहे हैं।
राजस्थान : धौलपुर में पुलिया से गुजर रहा ट्रक पानी के तेज बहाव में बह गया और पार्वती नदी में जाकर डूब गया। 2 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 2 की तलाश जारी है।@madanjournalist pic.twitter.com/s1Q5ZutFNo
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) August 1, 2025
प्रशासन की अपील
धौलपुर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और ट्रक मालिक व चालक की पहचान की जा रही है। जिला प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि नदियों और जलमग्न पुलों से दूर रहें। यह हादसा एक कड़वी सीख है कि मानसून के दौरान लापरवाही जानलेवा बन सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग स्तब्ध हैं और यह घटना मानसून में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
Read More-‘चीटर’ कहलाया, डिप्रेशन से जूझा, सुसाइड तक के ख्याल… आखिर क्यों टूटी चहल-धनश्री की जोड़ी?
