यूरोप के स्वीडन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक 62 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी ही पत्नी का शोषण करने और उसे जबरन कई पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी को करीब 120 अलग-अलग लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए विवश किया और इसके बदले मोटी रकम वसूली। फिलहाल यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है और सुनवाई जारी है।
नशीली दवाओं और कैमरे से करता था कंट्रोल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी इंटरनेट के जरिए लोगों से संपर्क करता था और उन्हें अपनी पत्नी के साथ संबंध बनाने के लिए बुलाता था। आरोप है कि वह पत्नी को नशीली दवाएं देकर उसकी मानसिक स्थिति को कमजोर करता था, ताकि वह विरोध न कर सके। इतना ही नहीं, वह पूरे घटनाक्रम पर कैमरे से नजर रखता था। हालांकि, आरोपी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि जो भी हुआ, वह पत्नी की सहमति से हुआ और उसने सिर्फ व्यवस्था करने में मदद की।
4 साल तक चलता रहा शोषण, शिकायत के बाद खुला राज
बताया जा रहा है कि यह सिलसिला साल 2022 से शुरू हुआ और लंबे समय तक चलता रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग आते थे और आरोपी को पैसे देकर उसकी पत्नी के साथ संबंध बनाते थे। आखिरकार अक्टूबर 2025 में पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी पर बलात्कार, उत्पीड़न और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जान से मारने की धमकी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अभियोजन पक्ष का कहना है कि आरोपी ने पत्नी की मजबूरी और डर का फायदा उठाया। उसे लगातार धमकियां दी जाती थीं कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा या जला दिया जाएगा। पीड़िता के वकील ने कोर्ट में बताया कि महिला लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेलती रही। अब पुलिस उन सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो इस मामले में शामिल थे। यह मामला समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।
