दिल्ली-एनसीआर में मार्च का महीना शुरू होते ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आमतौर पर इस समय मौसम हल्का सुहावना रहता है, लेकिन इस बार हालात कुछ अलग नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 मार्च को राजधानी में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है और तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू जैसी स्थिति महसूस हो सकती है। बढ़ती उमस और चिपचिपी गर्मी ने अभी से लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मार्च में ही गर्मी कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक दिल्ली में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने वाला है। दिन में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का तापमान भी करीब 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दिन के समय ज्यादा देर तक धूप में रहने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
12 से 14 मार्च तक भी गर्मी का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12, 13 और 14 मार्च को भी राजधानी में गर्मी का असर बना रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि 15 मार्च के बाद तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। सोमवार शाम को अचानक आसमान में बादल छाने और तेज हवाएं चलने से लोगों को उम्मीद थी कि मौसम में बदलाव आएगा, लेकिन फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
देश के कई राज्यों में बढ़ी गर्मी
केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में भी गर्मी का असर समय से पहले दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। कई जगहों पर तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल गर्मी सामान्य से अधिक पड़ सकती है और आने वाले महीनों में हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को अभी से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।
