देशभर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। बीते 48 घंटों से यूपी में आंधी और बारिश का असर महसूस किया जा रहा है। IMD का अनुमान है कि 5 अप्रैल को भी राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, वहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखने को मिलेगी।
किस राज्यों के लिए है अलर्ट
IMD ने पूर्वोत्तर और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 8 अप्रैल को बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों में 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव और बारिश की चेतावनी है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते यह बदलाव अचानक आए हैं और जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
दिल्ली और यूपी में मौसम की स्थिति
दिल्ली में आंधी-बारिश ने तेज हवाओं के साथ कहर बरपाया। मौसम विभाग ने चेताया है कि 5-7 अप्रैल के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इस दौरान शाम के समय हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर चल सकता है। वहीं यूपी में मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पूर्वी यूपी में काले बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
IMD ने बिहार के लिए 5, 6 और 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि किसानों को अपने खेतों और फसलों की सुरक्षा के उपाय करने चाहिए। साथ ही जनता को सड़क पर सफर के दौरान सतर्क रहने और बारिश और तेज हवाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Read More-वड़ा पाव गर्ल को मिला रहा धोखा? सोशल मीडिया पर छलका दर्द, कहा ‘मेरे पति दो महिलाओं के साथ…’
