पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हालिया दौरे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कई अहम प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने राज्य प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि पूरे मामले की जानकारी रविवार शाम 5 बजे तक भेजी जाए। इस घटना के बाद राज्य सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
वॉशरूम में पानी नहीं, रास्ते में गंदगी का आरोप
सूत्रों के मुताबिक दार्जिलिंग जिले में आयोजित नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन के दौरान कई व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं थीं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के लिए बनाए गए वॉशरूम में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा जिस रास्ते से उनका काफिला गुजरा, वहां साफ-सफाई भी ठीक नहीं पाई गई। रास्ते में कूड़ा-कचरा होने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई। इन आरोपों के सामने आने के बाद केंद्र ने पूरे मामले की जांच के लिए राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।
कार्यक्रम स्थल बदलने पर भी उठा विवाद
दरअसल, यह सम्मेलन पहले दार्जिलिंग जिले के फांसिदेवा ब्लॉक के बिधाननगर में आयोजित होने वाला था। लेकिन बाद में राज्य सरकार ने कार्यक्रम स्थल बदलकर सिलीगुड़ी के बाहरी इलाके बागडोगरा के गोसाईंपुर में कर दिया। इस बदलाव के कारण राष्ट्रपति को करीब 30 किलोमीटर अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वह बिधाननगर पहुंचीं तो उन्होंने अपने संबोधन में इस बदलाव पर नाराजगी जाहिर की। राष्ट्रपति ने कहा कि बिधाननगर का मैदान इतना बड़ा है कि वहां आसानी से बड़ी संख्या में लोगों की सभा हो सकती थी।
गृह मंत्रालय ने मांगा पूरा ब्यौरा
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान हुई इन कथित चूकों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। मंत्रालय यह जानना चाहता है कि कार्यक्रम स्थल को आखिरी समय में क्यों बदला गया, स्वागत प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं हुआ और व्यवस्थाओं में कमी क्यों रही। इसके साथ ही मार्ग परिवर्तन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राज्य सरकार इस पूरे मामले पर क्या जवाब देती है और रिपोर्ट में किन तथ्यों का खुलासा होता है।
Read more-आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए जानलेवा हमले पर शंकराचार्य ने दिया बड़ा बयान, बोले ‘यह बनावट है…’
