पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात सुधारने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने शनिवार को घोषणा की कि राज्य सरकार 100 करोड़ रुपए की लागत से 2300 गांवों और वार्डों में सफाई और पुनर्वास अभियान शुरू करने जा रही है। सीएम मान ने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी प्रभावित क्षेत्रों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि लोग सामान्य जिंदगी की ओर लौट सकें।
बाढ़ का पानी घटा, अब गंदगी हटाना चुनौती
मान ने बताया कि राज्य के कई इलाकों में बाढ़ का पानी अब घटने लगा है, लेकिन वहां कीचड़ और गंदगी की वजह से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर गांव और कस्बे में विशेष टीम भेजने का फैसला किया है, जो मलबा हटाने के साथ-साथ सफाई और कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव करेगी, ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
10 दिन में पूरा होगा सफाई अभियान
सीएम ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि इस काम में कोई देरी न हो और सभी गांवों में अभियान तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी ताकत से इस मिशन को अंजाम तक पहुंचाएगी और प्रभावित इलाकों में जल्द ही राहत और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
Read more-महबूबा मुफ्ती ने सरकारों को चेतावनी दी – “जहां आवाज दबती है, वहां हालात विस्फोटक बनते हैं”
