मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर युवती के साथ लंबे समय तक संबंध बनाए। आरोपी ने खुद को ‘राहुल’ बताकर युवती से दोस्ती की और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ करीब एक साल तक संबंध बनाए। इस दौरान वह उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया, जहां उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए गए।
सच सामने आते ही बदल गया व्यवहार
पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि आरोपी की असली पहचान अब्दुल फराज खान है और वह पहले से शादीशुदा है, साथ ही दो बच्चों का पिता भी है। यह सच सामने आते ही युवती ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। लेकिन इसके बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और उसने कथित तौर पर युवती को धमकाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने निजी पलों के वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया। इतना ही नहीं, युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। लगातार मानसिक दबाव और डर के कारण पीड़िता बेहद तनाव में आ गई थी और उसने आत्महत्या तक का विचार बना लिया था।
वकीलों की मदद से पहुंची पुलिस तक, आरोपी गिरफ्तार
आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और कुछ वकीलों के संपर्क में आई, जिन्होंने उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद मामला ओमती थाना पहुंचा और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुराना बस स्टैंड इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Read more- वाराणसी:‘मुझ पर भूत है’… और खोलने लगा फ्लाइट का गेट! हवा में मचा हड़कंप, पायलट ने टाला बड़ा हादसा
