दुनिया में कुछ खुशियाँ ऐसी होती हैं जिनकी कीमत कोई नहीं लगा सकता। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी आँखें नम हो जाएंगी। यह कहानी है नन्हे ‘लियो’ की, जिसने उस उम्र में मौत को करीब से देखा जहाँ बच्चे सिर्फ खेलना और शरारत करना जानते हैं। लियो ने ‘एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया’ (Acute Lymphoblastic Leukaemia) जैसी जानलेवा बीमारी से एक लंबी और दर्दनाक जंग लड़ी है। अस्पताल की चारदीवारी, सुइयां और कीमोथेरेपी के भारी डोज के बीच लियो का बचपन कहीं खो गया था, लेकिन अब जब वह पूरी तरह ठीक होकर बाहर आया है, तो उसकी एक छोटी सी क्रिया ने दुनिया भर के लोगों को भावुक कर दिया है।
बालों में महसूस की ठंडी हवा
लियो की माँ, केटी जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है जो देखते ही देखते इंटरनेट पर छा गया। इस वीडियो में लियो कार की खिड़की के पास बैठा है और चलती गाड़ी में बाहर की हवा को अपने चेहरे और सिर पर महसूस कर रहा है। वीडियो के ऊपर एक कैप्शन लिखा है— “बस एक बच्चा, जो कैंसर की वजह से बाल खोने के बाद फिर से हवा को महसूस कर रहा है।” जैसे ही ठंडी हवा लियो के नन्हे बालों को छूती है, उसके चेहरे पर एक ऐसी मुस्कान आती है जिसमें जीत का सुकून और ढेर सारा प्यार छिपा है। वह खुशी से हंसता है और फिर उसकी आँखों से आँसू छलक पड़ते हैं। यह सिर्फ हवा नहीं थी, यह लियो के लिए उसकी नई जिंदगी की पहली सांस जैसी थी।
कीमोथेरेपी का दर्द और दोबारा उगते बालों की उम्मीद
कैंसर के इलाज, खासकर कीमोथेरेपी के दौरान बाल झड़ना एक सबसे आम और मानसिक रूप से थका देने वाला साइड इफेक्ट है। डॉक्टर्स बताते हैं कि कीमोथेरेपी की दवाएं शरीर में तेजी से बढ़ रही कैंसर कोशिकाओं को मारने के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन इस प्रक्रिया में वे बालों की जड़ों (Hair Follicles) को भी नुकसान पहुंचाती हैं। यही वजह है कि इलाज के दौरान बच्चों के सिर के पूरे बाल गिर जाते हैं। लियो के लिए दोबारा उगते हुए बाल इस बात का सबूत हैं कि अब वह खतरे से बाहर है। विशेषज्ञों का कहना है कि इलाज के बाद जब बाल दोबारा आते हैं, तो उनका रंग या बनावट थोड़ी बदल सकती है, लेकिन वे फिर से घने हो जाते हैं। ऐसे में हल्के शैम्पू का उपयोग और धूप से बचाव करना बहुत जरूरी होता है।
लाखों लोगों ने दी दुआएं
लियो के इस वीडियो को अब तक 35 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और करीब साढ़े पांच लाख लोगों ने इसे लाइक किया है। कमेंट सेक्शन में दुआओं और प्यार की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, “इस नन्हीं सी मुस्कान को बनाए रखने के लिए भगवान का लाख-लाख शुक्रिया।” वहीं एक अन्य व्यक्ति ने भावुक होते हुए कहा, “इतने संघर्ष के बाद यह खुशी वाकई अनमोल है, ईश्वर करे दुनिया का कोई भी बच्चा कभी अस्पताल के बिस्तर पर न रहे।” लियो की यह छोटी सी क्लिप आज उन लाखों परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन गई है जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। यह वीडियो हमें सिखाता है कि जीवन में छोटी-छोटी चीजें, जैसे चेहरे पर लगती हवा, असल में कितनी कीमती होती हैं।
Read more-US-Iran सीजफायर पर भारत का बड़ा बयान, स्वागत के साथ दी ये सख्त चेतावनी!
