युद्ध की सबसे डरावनी सच्चाई तब सामने आती है, जब उसकी मार सबसे निहत्थे और मासूम लोगों पर पड़ती है. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच भड़की जंग में ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है. इस संघर्ष में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ-साथ उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबर है. इनमें सबसे ज्यादा झकझोर देने वाला नाम है 14 महीने की मासूम ज़हरा मोहम्मदी का. वह इतनी छोटी थी कि उसे दुनिया, जंग या राजनीति का कोई मतलब तक नहीं पता था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी-इजरायली हमलों में ज़हरा के साथ उसके माता-पिता की भी जान चली गई. यह वही सच है, जो हर जंग को इंसानियत के कटघरे में खड़ा कर देता है.
अंडरग्राउंड बंकर भी नहीं बना ढाल
बताया जा रहा है कि यह हमला ईरान के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले अंडरग्राउंड कंपाउंड पर हुआ, जहां खामेनेई मौजूद थे. इस ठिकाने पर एक साथ करीब 30 शक्तिशाली बम गिराए गए. सुरक्षा के तमाम दावों और बंकर में छिपे होने के बावजूद खामेनेई इस हमले में मारे गए. जंग की यह क्रूरता यहीं नहीं रुकी. उसी हमले की जद में उनका परिवार भी आ गया. जिन फैसलों को ताकतवर लोग रणनीति कहते हैं, उनका सबसे बड़ा खामियाजा अक्सर उनके अपने और आम नागरिक भुगतते हैं. इस हमले ने यह दिखा दिया कि आधुनिक युद्ध में कोई भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है, चाहे वह कितना ही ताकतवर या सुरक्षित क्यों न हो.
परिवार की परतें: कौन थे वो, जो हमेशा पर्दे में रहे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खामेनेई की दो बेटियां थीं, बुशरा खामेनेई और होदा खामेनेई. दोनों ही हमेशा राजनीति और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहीं. बुशरा की शादी मोहम्मद मोहम्मदी गोलपायेगनी से हुई थी और 14 महीने की ज़हरा मोहम्मदी उन्हीं की बेटी थी. दूसरी बेटी होदा खामेनेई का निकाह मिस्बाह अल-होदा बघेरी कानी से हुआ था. तेहरान सिटी काउंसिल के सदस्य मयसम मुजफ्फर के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि हमले में मिस्बाह अल-होदा बघेरी कानी और उनकी पत्नी जहरा हद्दा अदेल की भी मौत हो गई. ईरान के सरकारी मीडिया ने संकेत दिए हैं कि खामेनेई की शायद एक और बेटी भी इस हमले में हताहत हुई है, हालांकि इस पर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
जंग का सच और सवालों के घेरे में इंसानियत
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या युद्ध कभी किसी समस्या का समाधान हो सकता है. 14 महीने की ज़हरा की मौत सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उस हर मासूम की कहानी है जो ताकत की लड़ाई में कुचला जाता है. जंग न उम्र देखती है, न रिश्ता और न ही मासूमियत. खामेनेई का परिवार, जो वर्षों तक सत्ता के शिखर के करीब रहा, वही परिवार अब इस युद्ध की सबसे बड़ी कीमत चुका बैठा. यह खबर सिर्फ मौतों की गिनती नहीं, बल्कि उस स्याह हकीकत की तस्वीर है, जिसमें इंसानियत हर बार हार जाती है. दुनिया एक बार फिर सोचने पर मजबूर है कि आखिर इस आग में झुलसने के बाद भी क्या कुछ बच पाएगा?
