भारतीय क्रिकेट टीम के दो बड़े विराट कोहली और रोहित शर्मा के समय घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इन दिग्गजों की मौजूदगी ने घरेलू क्रिकेट को अचानक सुर्खियों में ला दिया है। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्यस्त रहने वाले ये दोनों दिग्गज जब 24 दिसंबर को मैदान पर उतरे, तो स्टेडियम से लेकर टीवी स्क्रीन तक फैंस की नजरें उन्हीं पर टिक गईं। पहले मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने शानदार शतक लगाकर यह साफ कर दिया कि उनकी क्लास घरेलू स्तर पर भी अलग ही नजर आती है। दूसरे मैच में भले ही रोहित शर्मा गोल्डन डक का शिकार हो गए, लेकिन विराट कोहली ने 77 रनों की संयमित पारी खेलकर एक बार फिर फॉर्म में होने का संकेत दिया। इन दो मैचों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या विराट और रोहित आगे भी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे या फिर यहीं से उनकी वापसी की कहानी खत्म हो जाएगी।
तीसरे मैच में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
विजय हजारे ट्रॉफी के अगले मुकाबले को लेकर अब एक नया अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है। विराट कोहली शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी में सिर्फ दो ही मैच खेलने वाले थे, ठीक उसी तरह जैसे रोहित शर्मा का प्लान था। लेकिन अब परिस्थितियां बदलती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि विराट कोहली 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में दिल्ली टीम के लिए खेल सकते हैं। यह मैच इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि टूर्नामेंट 18 जनवरी तक चलेगा और उससे पहले भारतीय टीम को एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी निभानी है। हालांकि फिलहाल विराट बेंगलुरु से दिल्ली लौट चुके हैं या नहीं, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन टीम मैनेजमेंट के स्तर पर उम्मीद बनी हुई है।
दिल्ली के लिए खेल है विराट कोहली
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के घरेलू टूर्नामेंट में खेलने को लेकर एक और बड़ा संकेत यह है कि उनका क्रिकेट सामान और कपड़े अभी भी दिल्ली टीम के पास ही मौजूद हैं। आमतौर पर अगर कोई खिलाड़ी आगे मैच नहीं खेलने वाला होता है, तो उसका किट वापस भेज दिया जाता है। ऐसे में विराट का सामान टीम के साथ होना यह दर्शाता है कि प्लान पूरी तरह से बदला जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला भारतीय टीम के ट्रेनिंग कैंप पर निर्भर करेगा। क्योंकि 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होनी है। जिसमें एक बार फिर से विराट कोहली भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। यदि टीम मैनेजमेंट चाहता है कि विराट कोहली पूरी तरह से फ्रेश रहें, तो उन्हें विजय हजारे के तीसरे मैच से आराम भी दिया जा सकता है। लेकिन अगर तैयारी के लिहाज से घरेलू मैच को अहम माना गया, तो विराट को मैदान पर उतरते देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा।
दो मैचों में बनाए 208 रन
विजय हजारे ट्रॉफी में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है अगर हम उनके प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले गए दो मुकाबलों में कुल 208 रन बनाए हैं। किंग कोहली ने इस घरेलू टूर्नामेंट में शतक के बाद 77 रनों की पारी ने यह साबित कर दिया है कि विराट न सिर्फ लय में हैं, बल्कि लंबे समय तक क्रीज पर टिककर खेलने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। घरेलू क्रिकेट में इस तरह की परफॉर्मेंस चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट दोनों के लिए एक सकारात्मक संकेत है। विराट कोहली की शानदार फार्म से फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है। खासकर तब, जब वनडे सीरीज जैसे अहम टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ी मैच प्रैक्टिस चाहते हैं। ऐसे में 6 जनवरी को विराट कोहली फिर से विजय हजारे ट्रॉफी के टूर्नामेंट में रेलवे के खिलाफ होने वाला मुकाबला खेलते हुए नजर आ सकते हैं, जिस पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी रहेंगी।
