T20 World Cup 2026 शुरू होने से ठीक पहले अमेरिकी क्रिकेट टीम को ऐसा झटका लगा है, जिसने उसकी तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. टीम के अनुभवी और भरोसेमंद बल्लेबाज आरोन जोन्स को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. यह फैसला मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों के चलते लिया गया है.
आईसीसी ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि जोन्स को सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका की टीम विश्व कप के लिए अंतिम रणनीति और संयोजन तय करने में जुटी हुई थी. अचानक आए इस फैसले ने न सिर्फ टीम मैनेजमेंट, बल्कि क्रिकेट फैंस को भी चौंका दिया है.
किन आरोपों के घेरे में आए आरोन जोन्स
आईसीसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, आरोन जोन्स पर कुल पांच गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इनमें से तीन आरोप 2023-24 सीजन में खेले गए बारबाडोस आधारित BIM10 टी20 टूर्नामेंट से जुड़े हैं. वहीं, दो आरोप उनके अंतरराष्ट्रीय मैचों से संबंधित बताए जा रहे हैं.
सबसे गंभीर आरोप यह है कि जोन्स ने किसी मैच के नतीजे या मैच के किसी अन्य पहलू को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की, या फिर ऐसी किसी साजिश में शामिल रहे. यह आरोप ICC और क्रिकेट वेस्टइंडीज के एंटी-करप्शन कोड के उल्लंघन के अंतर्गत आते हैं.
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जोन्स को इन आरोपों का जवाब देने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है. जांच पूरी होने तक यह सस्पेंशन लागू रहेगा और इस दौरान वह किसी भी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे.
जांच जारी, और नाम आ सकते हैं सामने
T20 World Cup 2026 शुरू होने से ठीक पहले आईसीसी ने अपने बयान में यह भी कहा है कि यह मामला अभी शुरुआती जांच के चरण में है और आने वाले समय में अन्य खिलाड़ियों या क्रिकेट से जुड़े लोगों पर भी आरोप लग सकते हैं. हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए फिलहाल इस मामले में और अधिक जानकारी साझा नहीं की जा रही है.
क्रिकेट जगत में इस खबर के बाद हलचल तेज हो गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आरोप साबित होते हैं, तो यह अमेरिकी क्रिकेट के लिए अब तक का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार मामला बन सकता है. खास बात यह है कि अमेरिका में क्रिकेट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और ऐसे समय पर इस तरह का विवाद खेल की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है.
अमेरिका के लिए क्यों अहम थे आरोन जोन्स
31 वर्षीय आरोन जोन्स लंबे समय से अमेरिकी क्रिकेट टीम की रीढ़ माने जाते रहे हैं. उन्होंने साल 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और इसके बाद से लगातार टीम के अहम सदस्य बने रहे. अब तक जोन्स अमेरिका के लिए 52 वनडे और 48 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं.
कुल मिलाकर उन्होंने 95 पारियों में 2434 रन बनाए हैं और कई मौकों पर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला है. जोन्स उस अमेरिकी टीम का भी हिस्सा थे, जिसने 2024 टी20 विश्व कप में सुपर-8 तक का ऐतिहासिक सफर तय किया था. पाकिस्तान के खिलाफ डलास में मिली ऐतिहासिक जीत में उनकी नाबाद 36 रनों की पारी आज भी याद की जाती है.
T20 World Cup 2026 से पहले वह अमेरिका के 18 खिलाड़ियों के ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा थे और उन्हें उप-कप्तान बनाए जाने की भी चर्चा चल रही थी. लेकिन सस्पेंशन के बाद अब वह टूर्नामेंट के लिए चयन के योग्य नहीं रह गए हैं. ऐसे में विश्व कप से ठीक पहले एक अनुभवी खिलाड़ी का बाहर होना अमेरिका की तैयारियों के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है.
