डिजिटल इंडिया के सफर में एक और बड़ा कदम बढ़ाया गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने Junio Payments Private Limited को डिजिटल वॉलेट सेवा शुरू करने की मंज़ूरी दे दी है। इस नई सुविधा के तहत अब ऐसे लोग भी यूपीआई (UPI) से भुगतान कर सकेंगे, जिनका खुद का बैंक अकाउंट नहीं है। यह पहल न सिर्फ डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाएगी, बल्कि बच्चों और युवाओं को वित्तीय समझदारी सिखाने की दिशा में भी एक नई शुरुआत मानी जा रही है। आरबीआई का यह फैसला देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में अहम साबित हो सकता है।
बैंक के बिना भी यूपीआई पेमेंट
अब तक डिजिटल ट्रांज़ेक्शन करने के लिए बैंक अकाउंट और यूपीआई आईडी जरूरी थी, लेकिन Junio Payments इस बाधा को तोड़ने जा रहा है। यह ऐप एक खास डिजिटल वॉलेट लेकर आएगा, जिसे एनपीसीआई (NPCI) के “UPI Circle Initiative” से जोड़ा गया है। इस वॉलेट में माता-पिता अपने बच्चों के लिए पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे और खर्च की सीमा तय कर पाएंगे।
इसके बाद बच्चे किसी भी व्यापारी का यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट कर सकेंगे — वो भी बिना बैंक अकाउंट के। इससे छोटे बच्चों, छात्रों और बैंकिंग सेवाओं से दूर लोगों को भी डिजिटल पेमेंट की सुविधा मिल सकेगी।
बचत और जिम्मेदारी सिखाने का नया तरीका, जूनियो ऐप के खास फीचर्स
Junio ऐप की खासियत यह है कि यह सिर्फ पेमेंट ऐप नहीं, बल्कि बच्चों के लिए फाइनेंशियल लर्निंग प्लेटफॉर्म की तरह काम करता है। माता-पिता इसमें “टास्क एंड रिवॉर्ड” और “सेविंग गोल्स” जैसे फीचर्स सेट कर सकते हैं, जिससे बच्चे जिम्मेदारी के साथ पैसे खर्च करना और बचत की आदत सीखते हैं। ऐप हर ट्रांज़ेक्शन की जानकारी पैरेंट्स को रियल-टाइम में दिखाता है, जिससे पारदर्शिता और नियंत्रण दोनों बने रहते हैं।
कंपनी के अनुसार, भारत में अब तक दो मिलियन से ज़्यादा युवाओं ने Junio ऐप डाउनलोड किया है, और यह कदम डिजिटल वित्तीय शिक्षा को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
