CNG Price in UP: उत्तर प्रदेश में महंगाई का एक और झटका लगा है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने राज्य के पांच शहरों में CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने अलग-अलग शहरों में 1 रुपये से लेकर 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम तक दाम बढ़ाए हैं। नई दरें 1 नवंबर से लागू हो गई हैं। इस बदलाव का असर लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर के उन लाखों लोगों पर पड़ेगा, जो रोजाना अपने वाहनों में CNG का इस्तेमाल करते हैं। खासतौर पर ऑटो, टैक्सी और निजी CNG कार चलाने वालों को अब ईंधन पर पहले के मुकाबले ज्यादा खर्च करना होगा। इस बढ़ोतरी के बाद लखनऊ और आगरा में CNG की कीमत 108 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
उन्नाव में सबसे ज्यादा बढ़े दाम, जानिए पांचों शहरों की नई कीमतें
ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, लखनऊ में CNG की कीमत 107 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो हो गई है। आगरा में भी अब एक किलो CNG के लिए 108 रुपये चुकाने होंगे। वहीं उन्नाव में सबसे ज्यादा 2.25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद यहां कीमत 103.75 रुपये से बढ़कर 106 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। अयोध्या और सुल्तानपुर में CNG के दाम 105 रुपये से बढ़ाकर 106 रुपये प्रति किलो कर दिए गए हैं। इस तरह पांचों शहरों में वाहन चालकों को अब CNG भरवाने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
क्यों बढ़े CNG के दाम? कंपनी ने बताई ये वजह
ग्रीन गैस लिमिटेड ने कीमतों में बदलाव के पीछे गैस खरीदने की लागत बढ़ने को वजह बताया है। कंपनी के अनुसार, सर्दियों के मौसम में गैस की मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के कारण रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) महंगी हुई है। इसका सीधा असर कंपनी की लागत पर पड़ा है। ग्रीन गैस लिमिटेड इंडियन ऑयल और गेल की संयुक्त उद्यम कंपनी है। यह उत्तर प्रदेश के इन पांच शहरों में CNG की आपूर्ति करती है। कंपनी का कहना है कि लागत में आए बदलाव के चलते नई कीमतें लागू करना जरूरी हो गया था। हालांकि, इस फैसले से रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।
अक्टूबर में भी बढ़े थे CNG के रेट, लगातार दूसरे महीने महंगाई
CNG उपभोक्ताओं के लिए यह पहला झटका नहीं है। इससे पहले अक्टूबर में भी ग्रीन गैस लिमिटेड ने अलग-अलग शहरों में सीएनजी की कीमतें 2 रुपये से लेकर 3.25 रुपये प्रति किलो तक बढ़ाई थीं। उस समय कंपनी ने इनपुट गैस की बढ़ती लागत, स्पॉट LNG की कीमतों और विदेशी मुद्रा विनिमय दर में उतार-चढ़ाव को वजह बताया था। अक्टूबर में अयोध्या और सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा 3.25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी। अब नवंबर की शुरुआत में फिर दाम बढ़ने से CNG वाहन चालकों की चिंता बढ़ सकती है। लगातार दो महीनों में हुई इस बढ़ोतरी का असर खासकर उन लोगों पर पड़ेगा, जिनकी रोजी-रोटी ऑटो, टैक्सी और दूसरे व्यावसायिक वाहनों पर निर्भर है।
