राजधानी दिल्ली में सोमवार देर शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई जब लालकिले के पास एक खड़ी कार में अचानक जोरदार धमाका हुआ। यह धमाका लालकिला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ बताया जा रहा है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। चश्मदीदों का कहना है कि पहले कार से हल्का धुआं उठता दिखा, और कुछ ही सेकंड में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद कार में आग लग गई, जिसकी चपेट में आसपास खड़ी तीन और गाड़ियां आ गईं। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका धुएं से भर गया और आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं।
मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम, जांच के लिए फॉरेंसिक यूनिट भी पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं। पुलिस ने लालकिले के आसपास का इलाका पूरी तरह से घेर लिया है और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मौके से जली हुई गाड़ियों को हटाया जा रहा है जबकि फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में धमाके की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नकार नहीं रही हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके से पहले कोई संदिग्ध व्यक्ति वहां तो नहीं था।
#WATCH | A call was received regarding an explosion in a car near Gate No. 1 of the Red Fort Metro Station, after which three to four vehicles also caught fire and sustained damage. A total of 7 fire tenders have reached the spot. A team from the Delhi Police Special Cell has… pic.twitter.com/F7jbepnb4F
— ANI (@ANI) November 10, 2025
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, लालकिला और आसपास के इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनएसजी की टीम को भी सतर्क कर दिया गया है। चूंकि लालकिला एक हाई-सिक्योरिटी जोन में आता है, इसलिए इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि अभी तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन धमाके की प्रकृति देखकर लग रहा है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं भी हो सकता। जांच टीम कार के नंबर और मालिक की जानकारी जुटा रही है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वाहन में कोई ज्वलनशील पदार्थ या गैस सिलेंडर तो नहीं था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका शाम करीब 6:45 बजे हुआ, जब लालकिला क्षेत्र में सैलानियों की हलचल जारी थी। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने कहा कि फिलहाल सभी कोणों से जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
